कंकरखाता गांव में दोस्ती का रिश्ता शराब और मोबाइल फोन के विवाद में खून से रंग गया। जिस सन्नी ने दोस्ती निभाते हुए रोहित को मोबाइल दिलाने में मदद की, उसी रोहित ने नशे में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव गन्ने के खेत में छिपाया और खुद तलाश का नाटक करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद किया और उसे जेल भेज दिया। यह घटना शराब, गुस्से और टूटते सामाजिक मूल्यों की भयावह तस्वीर पेश करती है।
शराब और मोबाइल बना झगड़े की वजह
रूड़की: कंकरखाता गांव निवासी सन्नी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके जिगरी दोस्त रोहित उर्फ बालू ने की। दोनों हमउम्र थे और साथ-साथ मजदूरी व छोटे-मोटे काम किया करते थे। रोहित को मोबाइल फोन खरीदना था, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसने अपने दोस्त सन्नी से मदद मांगी। दोस्ती निभाते हुए सन्नी ने न सिर्फ अपने पहचानपत्र पर किस्तों में मोबाइल खरीदवाया, बल्कि डाउन पेमेंट के लिए पैसे भी दिए।
27 जनवरी को दोनों एक अन्य युवक के साथ सुल्तानपुर गए, जहां मोबाइल खरीदा गया। इसके बाद सभी ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में मोबाइल को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप लेती चली गई।
नशे में गला दबाकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी रोहित ने कबूल किया कि शराब के नशे में मोबाइल और पैसों को लेकर सन्नी की टिप्पणी उसे नागवार गुजरी। इसी दौरान आपा खो बैठे रोहित ने सन्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कुन्हारी गांव के पास एक गन्ने के खेत में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। जिस मदद को सन्नी ने दोस्ती समझकर किया था, वही मदद उसकी मौत का कारण बन जाएगी, इसका उसे जरा भी अंदेशा नहीं था।
तलाश का नाटक कर परिजनों को देता रहा धोखा
हत्या के बाद रोहित ने हैरान कर देने वाला खेल खेला। वह सन्नी की तलाश के दौरान उसके परिजनों और ग्रामीणों के साथ ही मौजूद रहा और खुद को बेगुनाह साबित करता रहा। वह मृतक की खोज में शामिल होकर लोगों को गुमराह करता रहा, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में उसका झूठ ज्यादा दिन टिक नहीं सका। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने साथी युवकों से पूछताछ की तो कड़ी पूछताछ में रोहित टूट गया और उसने सन्नी की हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी गिरफ्तार, शव बरामद कर जेल भेजा गया
इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुन्हारी गांव के पास गन्ने के खेत से सन्नी का शव बरामद कर लिया है। पहले दर्ज गुमशुदगी के मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, यह मामला न सिर्फ हत्या का है बल्कि दोस्ती, भरोसे और इंसानियत के कत्ल का भी है, जहां शराब और गुस्से ने एक युवक को हत्यारा बना दिया।
