ग्राम खेनौली में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की 29 समस्याएं दर्ज की गईं। नोडल अधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए और योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
देहरादून / नारायणगढ़ (गढ़वाल): विकासखंड नारायणगढ़ के अंतर्गत ग्राम खेनौली में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत एक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह जंगपांगी, अपर निदेशक पशुपालन गढ़वाल मंडल द्वारा किया गया।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेते हुए अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कुल 29 समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें पेयजल, सड़क, पशुपालन, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य स्थानीय मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
नोडल अधिकारी डॉ. जंगपांगी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें तथा अनुपालन आख्या समयबद्ध रूप से प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सीधे जनता की समस्याएं सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है।
चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख श्री देवराज सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती सुशीला देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा देवी, ग्राम प्रधान श्रीमती विमला देवी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री वीरेंद्र सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री दलबीर रूदयाल द्वारा किया गया।
