देहरादून: सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रहा मार्बल्स से भरा एक ट्रक मोहब्बेवाला के पास मुख्य हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद देहरादून–सहारनपुर मार्ग पर दोनों ओर का यातायात प्रभावित हो गया, जिससे आसपास के मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया और कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस के अनुसार, ट्रक सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रहा था। मोहब्बेवाला के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके कारण ट्रक सड़क पर पलट गया। ट्रक में भरे मार्बल्स सड़क पर फैल गए, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना क्लेमेनटाउन पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए दोनों ओर से यातायात को डायवर्ट करना शुरू किया, ताकि जाम की स्थिति न बने और अन्य मार्गों पर यातायात सुचारू रखा जा सके।इसके साथ ही क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाने और सड़क पर फैले मार्बल्स को साफ करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, ताकि मार्ग पर यातायात जल्द सामान्य किया जा सके।
