देहरादून: राजधानी देहरादून में कुछ समय से अपराधों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। उत्तराखण्ड पुलिस की सक्रियता के बावजूद अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब हो रहे है। ऐसा ही एक मामला राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र का सामने आया है जहां एक युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि वह लोगों के कपड़े धोकर भरण पोषण करती है।
12 मार्च की शाम उसने अपनी बेटी को लोगों के कपड़े देने भेजे थे। एक आरोपी ने उसे फोन कर हरिद्वार बाईपास बुलाया। इसके बाद अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे जंगल ले गए। आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दिया जिससे किशोरी बेसुध हो गई। उसके बाद तीनों ने बारी.बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
सुबह एक ई.रिक्शा में बैठाकर उसे घर के लिए भेज दिया। घर पहुंची किशोरी ई.रिक्शा से उतरते ही चक्कर खाकर गिर पड़ी। होश आने पर उसने मां को आपबीती बताई। पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
