काशीपुर (ऊधम सिंह नगर): शहर के मुख्य चौराहे के पास शनिवार सुबह साइकिल रिपेयरिंग के तीन खोखों में अचानक आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना में दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया और करीब ढाई से तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार महाराणा प्रताप चौक, रतन सिनेमा रोड पर दो साइकिल मरम्मत की दुकानों और एक फल की दुकान में सुबह लगभग 6:20 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। वहां मौजूद राजीव अरोरा उर्फ बच्चू ने दुकान से चिंगारी निकलते देखी और तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में दो फायर यूनिट मौके पर पहुंचीं। एक दुकान का शटर बंद होने के कारण अंदर लगी आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने फायर वाहन में लगी चेन पुली की मदद से शटर तोड़कर अंदर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया और आसपास की दुकानों में आग फैलने से रोक दिया। हालांकि तब तक तीनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना की सूचना मिलने पर मेयर दीपक बाली और तहसीलदार पंकज चंदोला भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मेयर ने प्रभावित दुकानदारों को निजी स्तर पर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। साथ ही उन्होंने एसडीएम अभय प्रताप सिंह से बात कर पीड़ितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
