देहरादून : लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम एक बार फिर ठंडा हो गया।
पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम के बदले मिजाज का असर साफ दिखाई दे रहा है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड की वापसी महसूस की जा रही है। हालांकि, ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पकने को तैयार गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की खबर है और दाने बनने की प्रक्रिया पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज अंधड़ की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, बदलते मौसम के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
हेमकुंड साहिब, औली और केदारनाथ समेत कई ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। पिथौरागढ़ जिले में नंदा देवी, पांचाचूली, राजरंभा, खलिया टाप, नंदाकोट और हरदेवल जैसी चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे पहाड़ों का नजारा एक बार फिर बेहद खूबसूरत हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के मुताबिक, सोमवार को हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
