उत्तरकाशी/ देहरादून: मोरी विकासखंड के दूरस्थ फीताड़ी गांव में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 12 लकड़ी के आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में तीन गाय जिंदा जल गईं, जबकि कई परिवार बेघर हो गए हैं।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गांव में अधिकतर मकान लकड़ी के होने और उनके बीच दूरी कम होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें देर रात तक उठती रहीं और आसपास के अन्य मकानों के लिए भी खतरा बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल टीमों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है।
इस घटना पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग को भी प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा है, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
