देहरादून : शनिवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीएसओ कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ता सीधे डीएसओ केके अग्रवाल के दफ्तर में घुस गए और उन्हें अंदर ही रोक लिया, जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
प्रदर्शन कर रहे संगठन पदाधिकारियों का आरोप है कि शादियों के सीजन में एजेंसियां गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही हैं, जबकि प्रशासन की ओर से रोजाना पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया जा रहा है। उनका कहना है कि आम और गरीब परिवारों को गैस के लिए भटकना पड़ रहा है, वहीं सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों को आसानी से सिलेंडर मिल जा रहा है।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विनोद सिंह चौहान ने सरकार की नई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शादी जैसे आयोजनों के लिए केवल दो सिलेंडर देना पूरी तरह अव्यावहारिक है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य विवाह में खाना बनाने के लिए 10 या उससे अधिक सिलेंडर की जरूरत होती है, ऐसे में दो सिलेंडर की सीमा तय करना लोगों के साथ मजाक है।
उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत इस एसओपी में संशोधन करे और शादी वाले दोनों पक्षों को कम से कम 5-5 सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल डीएसओ कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन जारी है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
