रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम खराब होने से दो हेलीकॉप्टरों की एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घने कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी, जिसके चलते पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलीकॉप्टरों को सुरक्षित उतारने का फैसला लिया।
जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से सेरसी जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर सहस्रधारा से फाटा की ओर उड़ान पर था। गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ने और दृश्यता कम होने के कारण दोनों हेलीकॉप्टरों को अगस्त्यमुनि हेलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया।
हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि खराब मौसम के कारण यह आकस्मिक लैंडिंग कराई गई। मौसम साफ होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने फिर से उड़ान भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा प्रभावित हो सकती है।
