लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया। वह करीब 38 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भी उनकी तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर वह घर लौट आए थे।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक राजनीति से दूर रहे और उन्होंने कारोबार तथा फिटनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। वह लखनऊ में “द फिटनेस प्लैनेट” नाम से जिम चलाते थे और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए जाने जाते थे।
प्रतीक यादव ने इंग्लैंड की University of Leeds से पढ़ाई की थी। वर्ष 2011 में उनकी शादी अपर्णा यादव से इटावा जिले के सैफई गांव में भव्य समारोह के दौरान हुई थी। अपर्णा यादव ने 2017 में लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा था। बाद में वह 2022 में भाजपा में शामिल हो गईं।
इसी वर्ष जनवरी में प्रतीक और अपर्णा यादव के रिश्तों में तनाव तथा तलाक की चर्चाएं भी सामने आई थीं। प्रतीक यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा कर वैवाहिक जीवन में चल रही परेशानियों का जिक्र किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पारिवारिक रिश्तों में तनाव बढ़ गया है और वह मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। हालांकि बाद में दोनों के बीच संबंध सामान्य होने की खबरें भी सामने आई थीं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसे “बेहद हृदयविदारक” बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
