सेलाकुई / देहरादून: ग्लोबल मेडिकिट लिमिटेड कंपनी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कुछ बाहरी अराजक तत्वों और कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने मिलकर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। घटना के दौरान कंपनी की महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्रता और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप है। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी लोकपाल परमार के अनुसार कंपनी के प्रबंधक निकुंज पंवार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि कंपनी की तीन इकाइयों में लगभग 750 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिला कर्मचारियों की है। आरोप है कि शनिवार को कुछ बाहरी उपद्रवी और कंपनी के कुछ कर्मचारी जबरन तीनों परिसरों में घुस आए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान महिला कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। कई कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
बताया गया कि उपद्रवियों ने कंपनी परिसर में रखी मशीनों और तैयार उत्पादों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद कंपनी परिसर में दहशत का माहौल बन गया और कर्मचारियों में भय व्याप्त हो गया। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है और फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
