देहरादून: प्रतिष्ठित दून इंटरनेशनल स्कूल, सिटी कैंपस ने CBSE बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता साबित की है। विद्यालय के छात्रों ने कक्षा 10 और कक्षा 12 दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देहरादून में शीर्ष स्थान प्राप्त किए हैं। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
कक्षा 12 मानविकी वर्ग में विद्यालय की छात्रा ओजस्वी पैन्यूली ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देहरादून टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। ओजस्वी की इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है। इसके अलावा विद्यालय के 58 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का शानदार परिचय दिया। विभिन्न विषयों में छात्रों ने कुल 50 परफेक्ट स्कोर हासिल किए, जो विद्यालय की मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत को दर्शाता है।
वहीं कक्षा 10 में भी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के छात्र रुद्राक्ष रावत ने 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर देहरादून के शीर्ष विद्यार्थियों में अपना स्थान बनाया। कक्षा 10 के परिणाम भी बेहद प्रभावशाली रहे, जहां 142 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। अंग्रेज़ी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय में 22-22 छात्रों ने पूर्ण अंक हासिल किए, जबकि सामाजिक विज्ञान में 8 छात्रों ने परफेक्ट स्कोर प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का संयुक्त परिणाम है। विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
