देहरादून : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा तय हो गया है। वह चार जून को अल्मोड़ा और पौड़ी में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में होने वाली इन रैलियों के जरिए राहुल गांधी पूर्व सैनिकों को साधने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों को लेकर जोश भरने का प्रयास करेंगे। करीब चार साल बाद राहुल गांधी उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले वह दिसंबर 2021 में देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विजय दिवस समारोह में शामिल हुए थे। लंबे समय बाद हो रहे इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी का कार्यक्रम तय हो चुका है। चार जून को वह अल्मोड़ा में रैली को संबोधित करेंगे, जबकि उसी दिन दोपहर दो बजे पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होकर पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। कांग्रेस इस दौरे को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में चुनावी शंखनाद के रूप में देख रही है।
पांच जून को राहुल गांधी देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा के साथ संगठन से फीडबैक भी लिया जाएगा।
गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और कांग्रेस ने कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्होंने बताया कि पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में राहुल गांधी पूर्व सैनिकों की समस्याओं, अग्निवीर भर्ती योजना समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
