देहरादून : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत उत्तराखंड में मतदाताओं तक गणनापत्र पहुंचाने का कार्य तेजी से जारी है। अभियान के पहले तीन दिनों में करीब 19 लाख मतदाताओं को गणनापत्र वितरित किए जा चुके हैं। इस कार्य में चंपावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में फॉर्म वितरण की अपेक्षाकृत धीमी गति पर चिंता व्यक्त की गई। संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से मतदाताओं को अभियान से जोड़ना जरूरी है। साथ ही बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ), आईटी वालंटियरों और बूथ अवेयरनेस ग्रुप की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि अब तक राज्य के लगभग 24 प्रतिशत मतदाताओं को गणनापत्र वितरित किए जा चुके हैं और शेष मतदाताओं तक भी जल्द पहुंचने के लिए अभियान को और गति दी जा रही है।
