उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने भर्ती परीक्षाओं को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के लिए नई डिजिटल परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली शुरू की है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र खोजने में परेशानी नहीं होगी। एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही वे सीधे अपने परीक्षा केंद्र की लोकेशन तक पहुंच सकेंगे।
आयोग ने UKPSC और UKSSSC दोनों के लिए एक केंद्रीकृत परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम तैयार किया है। इस पोर्टल पर परीक्षा केंद्रों का केवल एक बार पंजीकरण होगा, जिससे प्रत्येक परीक्षा के लिए बार-बार पंजीकरण की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। परीक्षा केंद्रों का चयन उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा, जिससे परीक्षाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित और प्रभावी होगा।
नई प्रणाली के तहत परीक्षा केंद्रों को सभी आवश्यक सूचनाएं, अलर्ट और निर्देश स्वतः SMS तथा ई-मेल के माध्यम से प्राप्त होंगे। इसके अलावा, परीक्षा केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे निगरानी और रिकॉर्ड प्रबंधन आसान होगा।
अब तक राज्यभर के 13 जिलों में कुल 200 परीक्षा केंद्र इस पोर्टल पर पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर सहित अन्य जिलों के केंद्र शामिल हैं। आयोग का लक्ष्य आने वाले समय में और अधिक परीक्षा केंद्रों को इस प्रणाली से जोड़ना है।
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, इस डिजिटल पहल से कागजी कार्यवाही कम होगी, परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय बेहतर बनेगा और भर्ती परीक्षाओं का संचालन अधिक पारदर्शी, समयबद्ध तथा प्रभावी हो सकेगा।
