देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचना अब पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान होगा। राज्य लोक सेवा आयोग ने ऐसा आधुनिक परीक्षा केंद्र प्रबंधन सिस्टम विकसित किया है, जिसके जरिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करते ही सीधे अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन मिल जाएगी। इससे उम्मीदवारों को परीक्षा वाले दिन केंद्र खोजने के लिए इधर-उधर भटकने की परेशानी नहीं होगी और वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकेंगे। इस नई व्यवस्था का लाभ उत्तराखंड लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को मिलेगा।
नई प्रणाली का एक बड़ा फायदा यह भी होगा कि दोनों आयोगों को हर भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों का बार-बार पंजीकरण नहीं करना पड़ेगा। सभी परीक्षा केंद्रों का एक बार ऑनलाइन पंजीकरण होने के बाद उनका पूरा विवरण पोर्टल पर सुरक्षित रहेगा। केंद्रों का मूल्यांकन उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा, जिससे परीक्षा की प्रकृति और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त केंद्रों का चयन आसानी से किया जा सकेगा।
इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से परीक्षा केंद्रों और आयोग के बीच समन्वय भी पहले से अधिक प्रभावी होगा। पंजीकरण से लेकर परीक्षा से जुड़ी अन्य सभी महत्वपूर्ण जानकारियां संबंधित परीक्षा केंद्रों को स्वतः एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भेजी जाएंगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र ऑनलाइन माध्यम से अभ्यर्थियों की उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे। इससे परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी, रिकॉर्ड का रखरखाव और प्रशासनिक कार्य अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम हो जाएंगे।
