बड़कोट, 6 जुलाई। यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास भूस्खलन होने से सोमवार को मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क बंद होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान बार-बार हो रहे भूस्खलन और निर्माण एजेंसी की कथित लापरवाही के चलते यह मार्ग अक्सर बाधित हो रहा है। इसके कारण यात्रियों को घंटों तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अनियंत्रित कटिंग कार्य से पहले से आपदा प्रभावित स्याना चट्टी कस्बे पर भी खतरा बढ़ गया है। उन्होंने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन करने और भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
