लोहाघाट (चंपावत)। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षकों ने टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता समाप्त करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान शिक्षकों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया।
धरने के बाद शिक्षक रैली के रूप में एसडीएम न्यायालय पहुंचे और उपजिलाधिकारी नीतू डांगर के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने अक्तूबर 2005 के बाद नियुक्त सभी शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने तथा टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 17 जुलाई को जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
रैली और प्रदर्शन में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह अधिकारी, प्रकाश चंद्र उपाध्याय, कुंवर प्रथोली, गोविंद मेहता, दीपक अधिकारी, प्रकाश जोशी, प्रकाश तड़ागी, कैलाश ओली, कैलाश सिंह फर्त्याल, शंकर सिंह अधिकारी, चंद्र किशोर पांडेय सहित अनेक शिक्षक शामिल रहे।
