देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित देहरादून दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन को लेकर कांग्रेस और जिला प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन सकी, जिसके चलते मंगलवार देर रात तक परेड ग्राउंड में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
कांग्रेस परेड ग्राउंड में कार्यक्रम कराने पर अड़ी रही, जबकि प्रशासन ने मैदान उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। प्रशासन का कहना है कि परेड ग्राउंड में केंद्र सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘लोक संवर्धन पर्व’ की अवधि बढ़ाकर 17 जुलाई तक कर दी गई है। साथ ही 16 और 17 जुलाई को राज्यपाल के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, इसलिए मैदान फिलहाल उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
देर रात तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
मंगलवार रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर काफी देर तक तनातनी रही। राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए टैंट सामग्री से भरे कई ट्रक परेड ग्राउंड पहुंचाए गए थे। इनमें से चार ट्रकों को पुलिस पहले ही बन्नू स्कूल ग्राउंड भेज चुकी थी, जबकि बाहर खड़े दो अन्य ट्रकों को भी देर रात पुलिस ने ड्राइवर बुलाकर बन्नू ग्राउंड भिजवा दिया।स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जिलाधिकारी आशीष चौहान, एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
कांग्रेस का दावा, पहले ही मिल चुकी थी अनुमति
कांग्रेस का कहना है कि उसने 10 जुलाई को ही परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति प्राप्त कर ली थी। पार्टी का आरोप है कि बाद में प्रशासन ने केंद्र सरकार के कार्यक्रम की अवधि बढ़ाकर मैदान उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया।
ढाई लाख पंजीकरण का दावा
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए अब तक करीब 2.5 लाख लोगों का पंजीकरण होने की जानकारी सामने आई है, जिसके चलते व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन सतर्क है।
कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम
कार्यक्रम के संचालन, समन्वय और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कांग्रेस ने एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी ने बताया कि समिति के संयोजक ओमप्रकाश सती होंगे, जबकि मोहन काला, सुनीत सिंह राठौर, यशपाल चौहान, सुलेमान अली, गोपाल सिंह गढ़िया, प्रशांत खंडूरी, विजयपाल रावत, सुशील डोभाल और आदर्श सूद को सदस्य बनाया गया है।
राहुल गांधी का यह दौरा पहले 4 जून को प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा और पौड़ी का कार्यक्रम स्थगित हो गया था। अब 17 जुलाई को होने वाले देहरादून दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल को लेकर शुरू हुआ विवाद प्रदेश की राजनीति में नया मुद्दा बन गया है।
