देहरादून : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर दोपहर 2:15 बजे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहेंगे।
करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन अब यात्रियों को पहले की तुलना में कहीं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। यह स्टेशन देहरादून शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित है और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तराखंड में पुनर्विकास किए जा रहे 11 रेलवे स्टेशनों में शामिल है।
वर्तमान में देहरादून रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 16 ट्रेनों का संचालन होता है, लेकिन इनमें से केवल तीन ट्रेनों का ही हर्रावाला स्टेशन पर दो मिनट के लिए ठहराव है। स्टेशन पर रोजाना 80 से 90 सामान्य श्रेणी के टिकटों की बिक्री होती है, जिनसे लगभग 5 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। फिलहाल यहां केवल जनरल टिकट काउंटर संचालित है।
स्टेशन अधीक्षक गोपाल सिंह बिष्ट के अनुसार, इस समय स्टेशन पर एक ही प्लेटफॉर्म है। हालांकि आसपास तेजी से बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या को देखते हुए भविष्य में अधिक ट्रेनों के ठहराव की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो स्थानीय लोगों को देहरादून रेलवे स्टेशन तक जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे शहर के यातायात पर भी दबाव घटेगा।
हर्रावाला और आसपास के क्षेत्रों में करीब एक लाख लोग निवास करते हैं। लंबे समय से स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी यहां अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग करते रहे हैं। उनका मानना है कि इससे यात्रियों का समय, ईंधन और यात्रा खर्च तीनों बचेंगे।
पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इनमें सुसज्जित प्रतीक्षालय, आरक्षण काउंटर, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधा केंद्र, जलपान गृह, पूछताछ केंद्र, पार्किंग व्यवस्था तथा करीब 15 कमरों का निर्माण शामिल है।
अब उद्घाटन के बाद क्षेत्रवासियों की सबसे बड़ी उम्मीद यह है कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर जल्द ही अधिक ट्रेनों का ठहराव शुरू किया जाए, ताकि आधुनिक सुविधाओं से लैस इस स्टेशन का लाभ अधिक से अधिक यात्रियों तक पहुंच सके।
