रूड़की/ कलियर: साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच मंगलवार देर रात करीब एक बजे दरगाह पहाड़ी गेट के पास अजमेरी बाजार में आर्टिफिशियल ज्वैलरी और खिलौनों की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों से उठती ऊंची लपटों के कारण बाजार में अफरातफरी मच गई। उर्स के चलते बाजार में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद होने से स्थिति और भी संवेदनशील हो गई।
आग लगते ही मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर किया और स्थिति संभाली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दमकल विभाग को सूचना दिए जाने के करीब 20 मिनट बाद टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान आग तेजी से फैलती रही और आसपास की दुकानों के भी चपेट में आने का खतरा बना रहा। दमकल कर्मियों के पहुंचने के बाद आग बुझाने का अभियान तेज किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा आर्टिफिशियल ज्वैलरी, खिलौने और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकानदारों ने आग से लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
लोगों की सूझबूझ से बची खानकाह में रखे कबूतरों की जान
आग के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए दुकानों के पीछे स्थित खानकाह में रखे कबूतरों की जान बचा ली। खानकाह के अंदर एक पिंजरे में कई कबूतर बंद थे। आग बढ़ने का खतरा देखते ही लोगों ने तत्काल पिंजरे को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।समय रहते लोगों द्वारा उठाए गए इस कदम से कबूतर आग की चपेट में आने से बच गए। स्थानीय लोगों की इस तत्परता की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
