ऋषिकेश। सोमवार रात करीब 9 बजे बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और बचाव अभियान शुरू किया।
घटनास्थल पर नदी का बहाव तेज था और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ जवानों ने जोखिम उठाकर उफनती नदी में प्रवेश किया। इसी दौरान एक व्यक्ति वाहन के पास दिखाई दिया, जिसे टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद एसडीआरएफ ने वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू की। वह वाहन के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। तेज बहाव और अंधेरे के बीच जवानों ने काफी मशक्कत कर वाहन तक पहुंच बनाई और दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ की तत्परता, साहस और कुशल बचाव तकनीक के चलते हादसे में फंसे दोनों लोगों की जान बचाई जा सकी। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए गए इस सफल रेस्क्यू अभियान की सराहना की जा रही है।
