काशीपुर: काशीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने उसकी मौत बीमारी के चलते होने की बात कही है, जबकि पिता ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सांईधाम कॉलोनी निवासी रोहित ने करीब दो साल पहले जसपुरखुर्द बांसियोंवाला निवासी यशी से प्रेम विवाह किया था। दोनों का आठ महीने का बच्चा है। बुधवार-बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे यशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
बेटी की मौत की सूचना मिलने पर उसके पिता राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि उसे जलाकर मारा गया है। सूचना मिलने पर तहसीलदार पंकज चंदोला और आईटीआई थाने की एसआई मीनाक्षी मनराल मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी जुटाई।
पति ने बीमारी को बताया मौत की वजह
मृतका के पति रोहित का कहना है कि यशी पिछले करीब एक महीने से बीमार थी और उसका एम्स ऋषिकेश से इलाज चल रहा था। बीमारी के दौरान यशी की मां कंचन देवी और उसके दो भाई यश व वंश भी देखभाल के लिए घर पर रह रहे थे।
रोहित के मुताबिक, चार दिन पहले यशी को चिकनपॉक्स हो गया था। परिवार ने बीमारी के दौरान झाड़फूंक भी कराई थी। उसका कहना है कि देर रात बीमारी के कारण यशी की मौत हुई और चिकनपॉक्स के कारण शरीर पर इसके लक्षण फैल गए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
तहसीलदार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
