उत्तराखंड भाजपा को नया प्रदेश संगठन महामंत्री मिल गया है। पार्टी ने फणीन्द्रनाथ शर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी है। अजय कुमार के जाने के बाद से प्रदेश संगठन महामंत्री का पद खाली था।
फणीन्द्रनाथ शर्मा भाजपा के अनुभवी संगठनात्मक नेताओं में माने जाते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पृष्ठभूमि से आने वाले शर्मा को संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने का लंबा अनुभव है।
साल 2023 में भाजपा के संगठनात्मक बदलाव के दौरान फणीन्द्रनाथ शर्मा को हरियाणा की जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले वह असम और त्रिपुरा में प्रदेश संगठन महामंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं। उनके कार्यकाल में पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी के संगठन विस्तार और मजबूती पर जोर दिया गया।
अब उत्तराखंड में उनकी नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राज्य में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए संगठन को सक्रिय रखना उनके सामने प्रमुख चुनौती होगी।
फणीन्द्रनाथ शर्मा भाजपा और संघ के बीच समन्वय के साथ-साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और सदस्यता जैसे अभियानों को गति देने में भूमिका निभा चुके हैं। अब उत्तराखंड भाजपा में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
