-
उत्तराखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज 25 सितंबर को देहरादून पहुंचेंगे। तीनों नेता प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में शामिल की इसके लिए चुनाव की अध होंगे। पार्टी संगठन की ओर से उन्हें बैठक की जानकारी दे दी गई है।
राज्यसभा चुनाव की तैयारियों पर होगी चर्चा
उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट 25 नवंबर को खाली होने जा रही है। इसके लिए चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है और भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
25 सितंबर को होने वाली कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा प्रत्याशी के लिए तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। इस पैनल को अंतिम निर्णय के लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि नए प्रदेश प्रभारी और दोनों सह-प्रभारियों को बैठक की सूचना दे दी गई है। पार्टी उनके स्वागत की तैयारियों में भी जुटी है।
कौन हैं भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी?
राम माधव: भाजपा के वरिष्ठ नेता, लेखक और संगठनात्मक रणनीतिकार राम माधव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। 2014 में भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की जिम्मेदारियां संभालीं। असम, त्रिपुरा और मणिपुर में पार्टी के विस्तार तथा जम्मू-कश्मीर में 2015 के पीडीपी-भाजपा गठबंधन से जुड़े राजनीतिक प्रयासों में उनकी भूमिका रही है। वे राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति से जुड़े विषयों पर भी सक्रिय रहे हैं।
अरविंद मेनन: केरल से आने वाले अरविंद मेनन ने आरएसएस प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। वह 2011 से 2016 तक मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे। इसके बाद उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया और पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने में उनका अनुभव रहा है।
बांसुरी स्वराज: बांसुरी स्वराज नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद और सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। वह पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल की बेटी हैं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और लंदन के इनर टेंपल से शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने करीब दो दशक तक वकालत की। इसके बाद सक्रिय राजनीति में आईं और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर संसद पहुंचीं।
नई टीम के देहरादून पहुंचने के साथ ही प्रदेश भाजपा में आगामी चुनाव और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
