रुद्रप्रयाग: केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक रूट पर गए पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल से संपर्क टूटने के बाद खोजबीन अभियान शुरू कर दिया गया है। दल 25 सितंबर को केदारनाथ-बासुकीताल होते हुए ऑडिन कोल के रास्ते गंगोत्री जाने के लिए रवाना हुआ था। परिजन की सूचना पर जिला प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।
लापता ट्रैकर्स में अमित फर्सवाण, नवीन रावत, प्रवेश चौहान, विवेक और संजय सिंह रावत शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस नियंत्रण कक्ष, वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर और 40वीं वाहिनी पीएसी से समन्वय किया।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें ट्रैक रूट पर लगातार तलाश कर रही हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलिकॉप्टर के जरिए भी सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हवाई खोज अभियान रोकना पड़ा।
प्रशासन के अनुसार मौसम में सुधार होने पर हेलिकॉप्टर से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। फिलहाल जमीनी रेस्क्यू टीमें ट्रैक रूट पर लापता ट्रेकर्स की तलाश में जुटी हुई हैं।
