देहरादून : दक्षिण-पश्चिम मानसून अब उत्तराखंड से विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तीन अक्तूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। केंद्र की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मानसून वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।
मानसून की विदाई के साथ ही उत्तराखंड में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने के आसार हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
देहरादून में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। यहां न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा पंतनगर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री, मुक्तेश्वर में 23.0 डिग्री और नई टिहरी में 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, दो अक्तूबर को देहरादून में आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
