अमृतसर : पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने सीमा पार से हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर की असॉल्ट राइफल, दो हथगोले, विदेश में निर्मित 13 पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद किए गए हैं।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के बल्लारवाल गांव निवासी गुरप्रीत सिंह, उसके बेटे जसकरण सिंह और उनके तीन सहयोगियों वीनू, अमृतपाल सिंह तथा गौरव मसीह के रूप में हुई है। वीनू, अमृतपाल सिंह और गौरव मसीह बटाला के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में नौ एमएम की चार ग्लॉक पिस्तौल और .30 बोर की नौ पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा, हथियारों की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
जांच एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से अमृतसर के सीमावर्ती इलाकों में हथियारों की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद अमृतसर पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए हथियारों की आपूर्ति की जा रही थी। हालांकि, हथियारों के अंतिम इस्तेमाल और उनके पीछे सक्रिय नेटवर्क को लेकर जांच जारी है।
अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप कहां से लाई गई थी, सीमा पार बैठे तस्करों से इनके क्या संबंध हैं और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

