देहरादून: उत्तराखंड में पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में पुलिस और कारागार विभाग में कुल 1529 पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय ने 198 दरोगाओं सहित 1385 पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को प्रस्ताव भेज दिया है। इन पदों में सिविल पुलिस, इंटेलीजेंस, पीएसी, आईआरबी और अग्निशमन विभाग के पद शामिल हैं। वहीं, कारागार विभाग ने भी 144 पुरुष और महिला बंदीरक्षकों की भर्ती के लिए आयोग को प्रस्ताव भेजा है। उम्मीद है कि आयोग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
दरअसल, बीती 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति परेड के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस विभाग में करीब 1500 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के बाद पुलिस मुख्यालय ने भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा है। प्रस्ताव के मुताबिक पुलिस विभाग में 1187 पद कांस्टेबल के हैं, जबकि 198 पद उपनिरीक्षक यानी दरोगा के शामिल हैं। हालांकि, अग्निवीरों को क्षैतिज आरक्षण दिए जाने से संबंधित नियमों के तहत कुछ पदों की संख्या में बदलाव संभव है।
कांस्टेबल के पदों की बात करें तो जनपदीय पुलिस में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 464 और महिलाओं के लिए 238 पद रखे गए हैं। वहीं, पीएसी और आईआरबी में पुरुष कांस्टेबल के 284 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा फायर सर्विस में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 201 पद प्रस्तावित हैं।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
वहीं, दरोगा के पदों में सिविल पुलिस के महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 93 पद, इंटेलीजेंस में 19 पद और पीएसी व आईआरबी में 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
दूसरी ओर, कारागार विभाग में 144 बंदीरक्षकों की भर्ती की तैयारी है। इनमें पुरुष बंदीरक्षकों के 117 और महिला बंदीरक्षकों के 27 पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी होगा। वहीं, उम्मीदवारों की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।फिलहाल भर्ती प्रस्ताव आयोग को भेजे जा चुके हैं। अब युवाओं को आयोग की ओर से आधिकारिक विज्ञप्ति और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है।

