देहरादून: उत्तराखंड में भूमि बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आगामी चार नवंबर से प्रदेशभर में विधानसभा वार भूमि बचाओ अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से पार्टी प्रदेश में जमीनों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और आम जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों को अलaग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने अभियान के तहत नियुक्त किए गए प्रभारियों की सूची जारी करते हुए बताया कि सभी नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
उन्होंने बताया कि नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य गुरदीप सप्पल को प्रभारी नियुक्त किया गया है। अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी विधायक मनोज तिवारी और पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल को सौंपी गई है। वहीं, रानीखेत में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा अभियान की कमान संभालेंगे। हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में विधायक तिलक राज बेहड़ और सुमित हृदयेश को प्रभारी बनाया गया है। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विधायक भुवन कापड़ी और आदेश चौहान को जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस नेतृत्व ने इन नेताओं से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की रूपरेखा तैयार करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की अपेक्षा की है।
राजधानी देहरादून और ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्रों में अभियान के संचालन की जिम्मेदारी पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और संबंधित जिलाध्यक्षों को सौंपी गई है। विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह प्रभारी होंगे, जबकि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को जिम्मेदारी दी गई है। टिहरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला को प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक ममता राकेश, अनुपमा रावत और रवि बहादुर को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाती को प्रभारी बनाया गया है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा स्तर पर वरिष्ठ नेताओं की तैनाती से अभियान को व्यापक रूप दिया जा सकेगा। पार्टी की ओर से सभी प्रभारियों को स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने और क्षेत्रीय मुद्दों को चिह्नित कर जनता के बीच उठाने की जिम्मेदारी दी गई है। चार नवंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के जरिए कांग्रेस प्रदेश की राजनीति में भूमि से जुड़े सवालों को प्रमुखता से सामने लाने की तैयारी में है। पार्टी का प्रयास है कि अभियान को केवल संगठनात्मक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे जनसरोकारों से जोड़ा जाए और प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

