देहरादून / लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे पर थे। वह यहां कई निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें मां के निधन की खबर मिली। इस दुखद समाचार से मुख्यमंत्री को गहरा व्यक्तिगत आघात पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से आखिरी मुलाकात इसी साल 7 मई को हुई थी। उस समय वह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
8 मई को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक आवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। उस वक्त किसी को यह अंदाजा नहीं था कि मां-बेटे की यह मुलाकात आखिरी साबित होगी। संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ की पारिवारिक मुलाकातें भले ही सीमित रही हों, लेकिन अपने गांव और परिवार के साथ उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा।
मुख्यमंत्री की मां के निधन पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होता है। मां का साया सिर से उठ जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद खबर है और उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पंकज चौधरी ने यह भी बताया कि वह शोक व्यक्त करने के लिए वहां पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

