कोटद्वार/देहरादून।
उत्तराखंड के कोटद्वार शहर में एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एंट्री के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल और तेज हो गई है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए मोहम्मद दीपक को “भारत का हीरो” बताया। उन्होंने लिखा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए खड़े हैं और नफरत के माहौल में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक हैं। राहुल गांधी ने बीजेपी और संघ परिवार पर समाज में नफरत और डर फैलाने का आरोप भी लगाया और दीपक के साथ खड़े होने की बात कही।
बजरंग दल के हंगामे के बाद पुलिस अलर्ट
कोटद्वार के पटेल मार्ग पर विवाद के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया, जिसके चलते पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। देहरादून और हरिद्वार से आए कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पटेल मार्ग और मालवीय उद्यान में प्रदर्शन किया। इसके बाद से शहर में रात के समय लगातार पुलिस फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए कोटद्वार में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दो प्लाटून पीएसी की तैनाती के साथ ही खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। यूपी–यूके बॉर्डर पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है ताकि बाहरी तत्वों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।
26 जनवरी की घटना से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मोहम्मद दीपक ने बीच-बचाव कर दुकानदार की जान बचाई थी। बाद में एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद तनाव और बढ़ गया।
दीपक की सुरक्षा की मांग
जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने इस मामले में डीजीपी को पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि दीपक ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाया, लेकिन अब उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने कहा कि हिंसा का विरोध करने वाले व्यक्ति को निशाना बनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे देवभूमि उत्तराखंड की शांत छवि धूमिल हो रही है। संगठन ने तोड़फोड़ और हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का बयान
कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले की जांच दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर की जा रही है और बाहरी क्षेत्रों से आकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
