देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ते हुए मतदाता बनने में अधिक रुचि दिखाई। तीन से 31 अक्तूबर तक चले अभियान में प्रदेशभर में कुल 1,25,216 नए मतदाता जुड़े। इनमें 66,420 महिलाएं और 58,787 पुरुष शामिल हैं। खास बात यह है कि राज्य के सभी 13 जिलों में नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने वाली महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में विदेशों में रहने वाले 26 प्रवासी भारतीयों के नाम भी सामने आए हैं। ये सभी उत्तराखंड में अपने मताधिकार को लेकर जागरूक हैं। इनमें सर्वाधिक आठ मतदाता देहरादून और छह पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के पांच, बागेश्वर के तीन, नैनीताल के दो तथा टिहरी और चंपावत के एक-एक प्रवासी मतदाता शामिल हैं। पहली बार निर्वाचन कार्यालय ने प्रवासी मतदाताओं का अलग से आंकड़ा सार्वजनिक किया है।
जिलेवार मतदाताओं की संख्या में हरिद्वार सबसे आगे है। यहां कुल 12,64,623 मतदाता दर्ज हैं, जबकि 12,28,746 मतदाताओं के साथ देहरादून दूसरे स्थान पर है। हालांकि, नए मतदाता जोड़ने के मामले में देहरादून ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां अभियान के दौरान 35,883 नए नाम मतदाता सूची में शामिल हुए। हरिद्वार में 19,522 नए मतदाता जुड़े। वहीं, सबसे कम 1,187 नए मतदाता रुद्रप्रयाग जिले में दर्ज किए गए।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में बूथों की कुल संख्या भी कम हुई है। पहले राज्य में 12,543 मतदान केंद्र थे, जो अब घटकर 12,498 रह गए हैं। एक ही भवन में संचालित कई बूथों को मिलाने के कारण हरिद्वार में 73 मतदान केंद्रों का विलय किया गया। इससे जिले में बूथों की संख्या 1,872 से घटकर 1,802 हो गई है।
दूसरी ओर, पहाड़ी क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में होने वाली परेशानी कम करने के लिए नए बूथ बनाए गए हैं। अल्मोड़ा में 11, पौड़ी में आठ और टिहरी में सात नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा जर्जर भवनों के कारण प्रदेश में 134 बूथों का स्थान बदला गया, जबकि स्कूलों के उच्चीकरण के चलते 210 मतदान केंद्रों के नाम संशोधित किए गए हैं।
मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 को लेकर भी निर्वाचन आयोग ने नियम सख्त कर दिए हैं। अब ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद कोई भी बूथ लेवल एजेंट एक दिन में 10 से अधिक फॉर्म जमा नहीं कर सकेगा। वहीं, एक व्यक्ति पूरे अभियान के दौरान अधिकतम 10 आपत्तियां ही दर्ज करा पाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए सामूहिक और थोक में आपत्तियां दर्ज कराने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार उत्तरकाशी में 2,094 नए मतदाता जुड़े और 44 नाम हटाए गए। चमोली में 4,099 नाम जुड़े, जबकि 389 हटे। रुद्रप्रयाग में 1,187 नए मतदाता बने और 27 नाम कटे। टिहरी में 3,517 नाम जुड़े तथा 162 हटाए गए। देहरादून में 35,883 नए मतदाता जुड़े और 1,934 नाम सूची से हटाए गए। हरिद्वार में 19,522 नाम जुड़े और 357 हटे।
इसी तरह पौड़ी में 9,329 नए मतदाता जुड़े और 437 नाम हटाए गए। पिथौरागढ़ में 6,789 नाम जुड़े तथा 546 हटे। बागेश्वर में 2,277 नए मतदाता बने और 100 नाम हटाए गए। अल्मोड़ा में 4,584 नाम जुड़े और 244 हटे। चंपावत में 2,489 नए मतदाता जुड़े तथा 138 नाम कटे। नैनीताल में 16,726 नाम जुड़े और 1,369 हटाए गए। ऊधमसिंह नगर में 16,720 नए मतदाता सूची में शामिल हुए, जबकि 383 नाम हटाए गए।

