मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्रीय बजट 2026 से उत्तराखंड में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के लिए विकास और संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, इसी कारण बजट में राज्य के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने बजट को उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए संतुलित और क्षेत्रीय विकास की व्यापक संभावनाएं देने वाला बताया।
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जानकारी दी कि 16वें वित्त आयोग से उत्तराखंड को पहले की तुलना में लगभग 1800 करोड़ रुपये अधिक प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और गाइड्स के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही राज्य में बादाम और अखरोट जैसी नकदी फसलों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों को पुनर्जीवित करने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पर्यटन को गति मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। बजट को भारत के भविष्य की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से आग्रह किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।
