उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी के बाद मौसम साफ हो गया है और तापमान में बढ़ोतरी से ठंड से राहत मिली है। हालांकि देहरादून समेत पांच जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन छह फरवरी को पर्वतीय क्षेत्रों में फिर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
देहरादून : उत्तराखंड में मंगलवार को हुई बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के बाद बुधवार को मौसम में राहत देखने को मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
इन जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट
हालांकि राहत के बीच मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में सुबह के समय दृश्यता कम रहने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में बढ़ोतरी, ठंड का असर कम
बारिश-बर्फबारी के बावजूद मैदानी इलाकों में चटक धूप निकलने से ठंड का असर कम हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री बढ़ोतरी के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखी गई।
आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चार और पांच फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।हालांकि छह फरवरी को एक बार फिर पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।
