गाजियाबाद। गाजियाबाद में हुई दर्दनाक घटना के बाद देहरादून प्रशासन अलर्ट हो गया है। बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने संतुलित डिजिटल उपयोग पर ज़ोर देते हुए बच्चों के डिजिटल व्यवहार पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि बच्चों की गेमिंग आदतों पर नज़र रखना बेहद ज़रूरी है। इसके साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे समय रहते बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों को समझ सकें और नियंत्रित कर सकें।
गौरतलब है कि 4 फरवरी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आई एक खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। यहां एक रिहायशी इमारत की नौवीं मंज़िल से कूदकर तीन सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। मृतक बहनों की उम्र 12, 14 और 16 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, वे एक कोरियन ऑनलाइन टास्क-बेस्ड गेमिंग ऐप की लत का शिकार थीं।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा था—“मम्मी, पापा, सॉरी।” बताया जा रहा है कि उनके माता-पिता उनकी ऑनलाइन गेमिंग की आदत को लेकर अक्सर उन्हें समझाते और आपत्ति जताते थे।
यह पहला मामला नहीं है जब ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण बच्चों द्वारा आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आई हों। इससे पहले भी देश के कई हिस्सों से ऐसी चिंताजनक खबरें आती रही हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन अब इस मुद्दे को लेकर और अधिक सतर्कता बरत रहा है।
