खटीमा । खटीमा में भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उत्तराखंड आबकारी विभाग अलर्ट हो गया है। इस घटना के बाद आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने पूरे प्रदेश में शराब की सैंपलिंग कराने के आदेश दिए हैं।
शुक्रवार को आबकारी विभाग की कई टीमों ने दिनभर विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत सरकारी ठेकों और गोदामों से एक हजार से अधिक शराब के सैंपल एकत्र किए गए। इन सभी सैंपलों की जांच शनिवार से देहरादून स्थित प्रयोगशाला में की जाएगी। इसके साथ ही आबकारी मुख्यालय से दो अधिकारियों की एक टीम स्थलीय जांच के लिए खटीमा भेजी गई है।
बताया जा रहा है कि खटीमा में मृतकों ने एक विशेष ब्रांड की शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनके पेट में जलन शुरू हुई और कुछ ही समय में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोप लगे कि ठेकों पर मिलावटी शराब बेची जा रही है।
हालांकि, प्रारंभिक जांच में एक नया तथ्य सामने आया है। जानकारी के अनुसार, शराब में मिलाने के लिए जिस पानी का उपयोग किया गया, वह एक केमिकल की कैन में भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण तबीयत बिगड़ी और यह हादसा हुआ। इस पहलू की गहन जांच की जा रही है।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों और ठेकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजी गई टीम को जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
