भारत–नेपाल सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 बरातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब बरात की बस पुरचुंणी नगरपालिका-7 के भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुड़ा जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोगों ने डडेलधुरा और दो ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कई घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
ओवरलोडिंग बनी हादसे का कारण
जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि बस में क्षमता से अधिक बराती सवार थे। अधिक भार के कारण बस चढ़ाई पर नहीं चढ़ सकी और अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। गांव और शादी वाले घर में कोहराम मचा हुआ है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, चालक हिरासत में
नेपाल एपीएफ, प्रहरी बल और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। शवों को खाई से बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बस चालक, कंचनपुर जिले के भीमदत्त नगरपालिका-7 निवासी विरेंद्र बुढ़ा को मामूली चोटें आई हैं। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
मृतकों के नाम
हादसे में बजांग जिले के बित्थड़ चीर गांव पालिका-7 निवासी
केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35),
बिष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17),
दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46),
बजांग के दारस्यु गांव निवासी
मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27),
जय पृथ्वी नगरपालिका-7 निवासी
बसंत राज रतला (40),
और बैतड़ी पुरचूंणी नगरपालिका-7 निवासी
पुष्पा अवस्थी (40) तथा सुशील जोशी (40) की मौत हो गई।
