लखीमपुर : लखीमपुर-बहरेाइच नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक और मैजिक वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। हादसे में घायल लोगों को तत्काल सीएचसी खमरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को ओयल अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक बहराइच की तरफ से आ रहा था। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
हादसे में जान गंवाने वालों में अदनान, पप्पू, पवन, सोहन, राजेश गोयल, सहजराम, जयवीर सिंह, गायत्री गुप्ता और जुलेखा की पहचान हुई है। पवन और सोहन सगे भाई बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
