आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरे सीजन छाए रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अवॉर्ड सेरेमनी में भी शानदार प्रदर्शन का इनाम हासिल किया। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने पांच बड़े व्यक्तिगत पुरस्कार जीतकर सीजन के सबसे सफल खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई। इन पुरस्कारों के जरिए उन्हें कुल 45 लाख रुपये की इनामी राशि मिली, जबकि सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का खिताब जीतने पर उन्हें एक टाटा सियेरा कार भी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।
पूरे टूर्नामेंट में वैभव ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) चुना गया। इसके अलावा उन्होंने इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन के पुरस्कार भी जीते। 237.3 के स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने सुपर स्ट्राइकर का अवॉर्ड हासिल किया, जबकि पूरे सीजन में 72 छक्के लगाकर सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन का सम्मान अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला देखने अहमदाबाद पहुंचे वैभव नए हेयर स्टाइल में नजर आए और इस दौरान वे जय शाह के साथ बैठे दिखाई दिए। अवॉर्ड लेने के बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि बल्लेबाजी की तुलना में इंटरव्यू देना उनके लिए ज्यादा मुश्किल काम है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अच्छा लग रहा है, लेकिन इंटरव्यू देने के कारण थोड़ा दबाव महसूस हो रहा है। सर, मैं आजकल दूध भी नहीं पी रहा हूं।”
युवा बल्लेबाज ने कहा कि क्रिकेट में लगातार सफलता हासिल करने के लिए हर मैच में एक जैसी रणनीति नहीं अपनाई जा सकती। परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना और योजनाओं में बदलाव करना जरूरी होता है। उन्होंने यह भी माना कि आने वाले समय में फिटनेस उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक रहेगी ताकि वे चोटों से दूर रह सकें और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
वैभव ने अपनी सफलता का श्रेय टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को दिया। उन्होंने कहा कि टीम का माहौल बेहद सकारात्मक है और सभी का सहयोग उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद करता है। उनके मुताबिक सीनियर खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और टीम से जुड़े सभी लोग लगातार उनका समर्थन करते रहे हैं।
आईपीएल 2026 वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार सीजन साबित हुआ। सबसे ज्यादा रन बनाने से लेकर ऑरेंज कैप, एमवीपी, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्सेस जैसे बड़े पुरस्कार जीतने तक उन्होंने हर मोर्चे पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अपने दमदार खेल और मैच जिताऊ पारियों से वैभव ने यह संकेत दे दिया है कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक नया सितारा मिल चुका है।
