देहरादून: थानो में कुछ दिन पहले मस्जिद सील किए जाने की कार्रवाई को लेकर मुस्लिम सेवा संगठन में नाराजगी देखी जा रही है। संगठन के आह्वान पर सोमवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच करने पहुंचे। इस दौरान एसटीएफ कार्यालय के बाहर समुदाय के लोग एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
मुस्लिम सेवा संगठन का कहना है कि मस्जिद से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद प्रशासन ने मस्जिद को सील कर दिया। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
उल्लेखनीय है कि थानो क्षेत्र के ग्राम कण्डोगल, कुडियाल गांव स्थित जामा मस्जिद एवं मदरसे के भूतल को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में एमडीडीए द्वारा सील किया गया था। इस कार्रवाई का मस्जिद पक्ष ने विरोध किया था। वहीं, कार्रवाई के बाद काली सेना, बजरंग दल और स्थानीय लोगों ने थानो चौक पर हवन कार्यक्रम आयोजित कर अपना समर्थन व्यक्त किया था।
स्थानीय लोगों द्वारा मस्जिद के संबंध में प्रशासन और एमडीडीए से शिकायत की गई थी। काली सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता लंबे समय से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसके लिए वे कई बार धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, मस्जिद के प्रथम तल को एमडीडीए ने 17 दिसंबर को सील किया था, जबकि भूतल को हाल ही में सील किया गया। काली सेना, बजरंग दल और स्थानीय लोगों का आरोप है कि मस्जिद उत्तराखंड वक्फ बोर्ड तथा मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं थी। संबंधित विभागों द्वारा जांच के बाद पहले प्रथम तल और फिर भूतल को सील करने की कार्रवाई की गई। काली सेना के प्रदेश प्रमुख भूपेश जोशी ने कहा कि उनकी मांग है कि मस्जिद के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाए।
