गोपालगंज : जिले के कटेया थाना क्षेत्र स्थित पटोहवा जमुनहा गांव में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान फरमाइशी गाना नहीं बजाने को लेकर हुए विवाद में एक पुरुष डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद समारोह में अफरातफरी मच गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र से बारात पटोहवा जमुनहा गांव में महेंद्र कुशवाहा के घर आई थी। द्वारपूजा की रस्म पूरी होने के बाद देर रात नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के तीन युवकों ने अपनी पसंद का गाना बजाने की मांग की।
बताया जाता है कि गाना नहीं बजाए जाने पर कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे डांसर सोनू गोड़ (32) और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने डांसर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट के दौरान एक युवक ने सोनू गोड़ के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही वह मंच पर ही गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
कार्यक्रम के संचालक रामायण यादव, निवासी मालसी चौराहा, थाना बघौचघाट (देवरिया), ने बताया कि घायल डांसर को तत्काल पंचदेवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और साथ आए कलाकारों में कोहराम मच गया। कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।इस मामले में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
