भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के बीच मंगलवार को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगने वाली दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस और प्रशासन ने संभावित भीड़ को देखते हुए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग, वाहनों की जांच और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है।
सोनीपत में सख्त निगरानी, हर वाहन की जांच
सोनीपत जिले में हल्दाना बॉर्डर, भिगान टोल प्लाजा और कुंडली बॉर्डर सहित दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर छोटे-बड़े सभी वाहनों की जांच की जा रही है। भिगान क्षेत्र में अतिरिक्त एहतियात के तौर पर सड़क किनारे पत्थर भी रखवाए गए हैं। अधिकारियों के निर्देश पर बिना जांच किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही।
पुलिस को आशंका है कि गन्नौर और गोहाना क्षेत्र से भी किसान जत्थों के रूप में दिल्ली की ओर रवाना हो सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए इन इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, जबकि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है।
प्रशासन का कहना है कि इन सुरक्षा उपायों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुचारु रखना है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं।
यूपी बॉर्डर पर भी कड़ी चौकसी
दिल्ली कूच को देखते हुए गाजियाबाद और दिल्ली से सटे यूपी के बॉर्डर क्षेत्रों में भी पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोमवार देर रात से ही यूपी गेट, दिल्ली-यूपी अप्सरा बॉर्डर समेत कई प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई थी। मंगलवार सुबह इंदिरापुरम, खोड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन और टीला मोड़ सहित कई थाना क्षेत्रों की पुलिस ने सीमाओं पर निगरानी और सख्त कर दी।
चेकिंग के कारण कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें और जाम की स्थिति बनी रही। ट्रांस हिंडन के प्रभारी डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि सुरक्षा जांच के बाद ही वाहनों को दिल्ली की ओर जाने दिया जा रहा है।
शाहाबाद में किसानों का जत्था रोका गया
कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में नेशनल हाईवे पर पुलिस ने पंजाब और अंबाला की ओर से दिल्ली जा रहे किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके लिए हाईवे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग के साथ रेत से भरे डंपर भी लगाए गए हैं। रोके जाने के बाद बड़ी संख्या में किसान मौके पर नारेबाजी करते रहे। वहीं, जिले के कुछ अन्य क्षेत्रों से किसान दिल्ली की ओर रवाना होने में सफल रहे।
बहादुरगढ़ में बसें रोकीं, सड़क पर लगा जाम
बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर) पर दिल्ली पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के किसानों की करीब पांच बसों को दिल्ली की ओर जाने से रोक दिया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:15 बजे पंजाब के पटियाला सहित विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों किसान बसों में सवार होकर दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे।
पुलिस की रोक के विरोध में किसानों ने यूईआर पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसान नेताओं ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जा रहे थे, लेकिन उन्हें सीमा पर ही रोक दिया गया। उन्होंने इसे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों में बाधा बताया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर स्थिति सामान्य बनाने के प्रयास शुरू किए। समाचार लिखे जाने तक किसान मौके पर डटे हुए थे और प्रशासन के साथ वार्ता जारी थी।
