देहरादून : राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को स्मरण करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया और कहा कि आत्मनिर्भर भारत की नींव स्वदेशी सोच से ही मजबूत होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं और वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन का रूप दें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत” का संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह संदेश देश को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में मार्गदर्शक की भूमिका निभाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे निर्णायक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा ही कल का नेतृत्व है और वही भारत की प्रगति की दिशा तय करेगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्टार्टअप, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया जैसे अभियानों को मजबूती देने की अपील करते हुए कहा कि इन अभियानों को सफल बनाकर ही रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी संकल्प दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने देश को आत्मनिर्भर बनाने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, भाजपा के संगठन मंत्री श्री अजेय कुमार, पार्टी पदाधिकारी एवं भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ किया गया।
