भलवा गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी दोहरी मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। शादी से ठीक पहले हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानसठ : के भलवा गांव में चार साल से चले आ रहे प्रेम संबंध का गुरुवार को दर्दनाक अंत हो गया। 31 वर्षीय रोहित ने अपनी प्रेमिका प्रगति उर्फ डोली (27) की उसके ही घर में चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद रोहित ने भी अपनी गर्दन पर चाकू से वार कर जान दे दी।
आठ फरवरी को होनी थी शादी
प्रगति गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और उसकी शादी मेरठ के सरधना में तय हुई थी। आठ फरवरी को विवाह होना था, जिसके चलते वह दो दिन पहले ही गांव लौटी थी। वहीं रोहित उत्तर प्रदेश रोडवेज में परिचालक के पद पर तैनात था। दोनों के घर आमने-सामने बताए जा रहे हैं।
चीख सुनकर टूटा दरवाजा, मचा हड़कंप
गुरुवार शाम करीब पांच बजे रोहित प्रगति के घर पहुंचा। दोनों एक कमरे में चले गए। कुछ देर बाद युवती की चीख सुनकर परिजनों ने दरवाजा पीटना शुरू किया। दरवाजा खुलते ही रोहित ने अपनी गर्दन पर चाकू से वार कर लिया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए।
ऑनर किलिंग का आरोप, पुलिस से नोकझोंक
घटना के बाद रोहित के परिजनों ने लड़की पक्ष पर ऑनर किलिंग का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। एसएसपी संजय वर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
