देहरादून।
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी का टिकट उसी उम्मीदवार को मिलेगा, जिसमें चुनाव जीतने की क्षमता होगी। किसी नेता की नजदीकी या सिफारिश के आधार पर टिकट नहीं दिया जाएगा।
हरक सिंह रावत ने चुटकी लेते हुए कहा, “आजकल कुछ लोग राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का नाम लेकर कह रहे हैं कि उनका टिकट फाइनल है, जबकि टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है और टिकट आवंटन में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी करीबी क्यों न हो, टिकट सिर्फ जीतने वाले उम्मीदवार को ही मिलेगा।
हरक सिंह रावत ने यह भी कहा कि वे पार्टी के सिपाही हैं और अगर कोई सीट ऐसी होगी जहां से कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहेगा, तो वे खुद वहां से चुनाव लड़ेंगे। अगर ऐसा भी नहीं हुआ तो पार्टी के लिए दरी बिछाने और नारे लगाने का काम करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा (गोदियाल) और महिला नेताओं के समर्थन में नारे लगाने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए नारे लगाना पार्टी के लिए नारे लगाने जैसा है और महिला नेताओं के समर्थन से महिलाओं का भरोसा मजबूत होता है।
