देहरादून । देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
हत्या की घटना के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर से लेकर देहात तक नाकेबंदी कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के समय एक स्कूटी सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर वह एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने उसे भी घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस उनसे आगे की पूछताछ कर रही है।
