देहरादून। दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। जिला जज कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। एहतियातन सभी जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।
सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेन्द्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कराया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धमकी भरे ईमेल के पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन का हाथ हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को ईमेल के माध्यम से धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश के कई जिलों—हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल—के न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि अब तक की जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं और सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि असामाजिक तत्वों की शरारत की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर हर स्तर पर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
