देहरादून: प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे जंगल में पड़े एक कट्टे से तेज दुर्गंध उठने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। बदबू इतनी तीव्र थी कि आसपास से गुजरने वाले लोग ठहरकर देखने लगे और शक होने पर तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कट्टे को खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव बंद मिला। यह दृश्य देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार शव लगभग 30 से 35 वर्ष की महिला का प्रतीत हो रहा है और शुरुआती जांच में यह करीब छह से सात दिन पुराना बताया जा रहा है। शव को इस तरह मोड़कर कट्टे में भरा गया था कि उसके घुटने मुड़े हुए थे, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को छिपाने की कोशिश की गई होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है ताकि मृतका की पहचान हो सके।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक फिलहाल महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और हत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
