देहरादून/गैरसैंण : मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण भारत में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित होने की स्थिति सामने आई है। इसका असर खास तौर पर होटलों, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ रहा है। इस परिस्थिति को देखते हुए प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण एवं जलागम मंत्री **सतपाल महाराज** ने कहा कि उन्होंने इस विषय पर प्रदेश के मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** से विस्तार से चर्चा की है और सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सतपाल महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति श्रृंखला कई चुनौतियों का सामना कर रही है। विशेष रूप से पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है। इसका प्रभाव कई देशों की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है, जिसमें भारत भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्थायी व्यवधान उत्पन्न हुआ है, जिससे होटल उद्योग और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाले 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने घरेलू गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि होटल, रेस्तरां, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान मुख्य रूप से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर रहते हैं, इसलिए इन क्षेत्रों में कुछ समय के लिए आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में संबंधित व्यवसायियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने मौजूदा स्टॉक का उपयोग सोच-समझकर करें और गैस की खपत को नियंत्रित रखें, ताकि स्थिति सामान्य होने तक कामकाज सुचारू रूप से चल सके।
सतपाल महाराज ने यह भी कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और केंद्र सरकार तथा संबंधित तेल कंपनियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। सरकार का प्रयास है कि आपूर्ति में आई इस अस्थायी बाधा को जल्द से जल्द दूर किया जाए और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सामान्य रूप से गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य होंगी और आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ा दबाव कम होगा, वैसे ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता भी सामान्य हो जाएगी। सरकार स्थिति की लगातार समीक्षा कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी ताकि पर्यटन, होटल उद्योग और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों पर इसका दीर्घकालिक प्रभाव न पड़े।
मंत्री ने अंत में कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में होटल और पर्यटन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सरकार इस क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करने के लिए प्रतिबद्ध है और स्थिति को जल्द सामान्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
